Bihar Chunav Live : बिहार ने प्रथम चरण की वोटिंग में रचा इतिहास, टूट गया 75 साल का रिकॉर्ड

Bihar Chunav Live : बिहार ने प्रथम चरण की वोटिंग में रचा इतिहास, टूट गया 75 साल का रिकॉर्ड

AapTak24 : बिहार चुनाव में इस बार 75 साल का रिकॉर्ड टूट गया। बिहार के वोटरों ने मतदान का नया इतिहास रच दिया है। बिहार चुनाव के पहले चरण में 64.66 प्रतिशत वोटिंग हुई। मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में सबसे ज्यादा मतदान, कई जिलों में हिंसा और EVM खराबी की घटनाएं भी हुईं।

बिहार चुनाव में गजब का खेला हो गया। वोटिंग में बिहार ने नया इतिहास रच दिया। अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए। पहले चरण की वोटिंग में 75 साल का रिकॉर्ड टूट गया। बिहार के वोटरों ने खूब वोटिंग की। नतीजा यह हुआ कि पहले चरण के बिहार चुनाव में मतदान प्रतिशत के सभी रिकॉर्ड टूट गए। चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में पहले चरण में अब तक का सबसे अधिक 64.66% वोटर टर्नआउट रहा। बिहार के इतिहास में किसी भी चुनाव में इतनी वोटिंग नहीं हुई थी। बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 निर्वाचन क्षेत्रों में 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 64.66 फीसदी वोटरों ने अब तक का सबसे अधिक मतदान किया। इस वोटिंग प्रतिशत से पक्ष और विपक्ष दोनों खुश है। एक एंटी इनकंबेंसी के खिलाफ वोटिंग बता रहा, तो दूसरा पक्ष प्रो इनकंबेंसी।

अब सवाल है कि आखिर बिहार में वोटर टर्नआउट का रिकॉर्ड टूटा कैसे ? आखिर 75 साल बाद इतनी वोटिंग क्यों हुई ? तो इसके पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पहले तो एसआईआर है, इसके कारण भी लोगों ने नाम कटने के डर से वोटिंग की। अन्य वजहों में छठ पूजा के बाद वोट का होना और मह‍िलाओं की बड़ी भागीदारी। साथ ही चुनावी प्रक्रिया को पहले की तुलना में और आसान बनाया गया। इसके कारण भी लोग बूथों तक पहुंच पाए। लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, बिहार के 18 जिलों में मतदान हुआ। इसमें मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में सबसे अधिक मतदान हुआ। मुजफ्फरपुर में 70.96 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि समस्तीपुर में 70.63 प्रतिशत मतदान हुआ। मधेपुरा में 67.21 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद वैशाली में 67.37 प्रतिशत, सहरसा में 66.84 प्रतिशत, खगड़िया में 66.36 प्रतिशत, लखीसराय में 65.05 प्रतिशत, मुंगेर में 60.40 प्रतिशत, सीवान में 60.31 प्रतिशत, नालंदा में 58.91 प्रतिशत और पटना में 57 प्रतिशत मतदान हुआ।

कुछ खास घटनाएं :

लखीसराय – डिप्टी CM की गाड़ी पर हमला हुआ। राजद MLC अजय सिंह से भिड़े विजय सिन्हा।

पटना – मनेर में ID चेक करने पर RJD उम्मीदवार भाई वीरेंद्र ने दरोगा को धमकाया. कहा – यहीं आग लगा देंगे।

वैशाली – RJD उम्मीदवार रविंद कुमार सिंह के भड़काने पर लोगों ने CAPF जवानों पर पत्थर फेंके।

दरभंगा – सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग एजेंट को धमकी मिली, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर पथराव हुआ। 2 हिरासत में।

सारण – जैतपुर में मांझी सीट से CPI प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार की गाड़ी पर ईंट-पत्थर, लाठी से हमले किए गए।

लखीसराय – बूथ कैप्चरिंग की खबर पर SP मौके पर पहुंचे। 1 घंटे पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च किया।

10 जिलों में EVM में खराबी आई।

वैशाली के लालगंज में लगे वोट चोरी के नारे। इस दौरान मतदान भी रुका।

पटना – पटना साहिब के बूथ नंबर 238 पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से मतदान कर्मियों की बहस हो गई।

सीवान, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के 8 बूथों पर मतदान का बहिष्कार किया है। सीवान, दरभंगा में सड़क की मांग थी।

नालंदा – बिहारशरीफ में मतदान के दौरान पुलिस ने 4 बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि ये बूथ के पास पर्ची बांट रहे थे।

मुंगेर – नक्सल प्रभावित भीमबंद गांव में 20 साल बाद पहली बार हुआ मतदान।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *